कृषि विभाग की टीम का बीज की 99 दुकानों पर छापा, चार निलंबित
देवरिया। कृषि विभाग की टीम ने बुधवार को जिले के 99 बीज की दुकानों पर छापा मारा। मानक विहीन बीज बेचने पर चार दुकानों को निलंबित कर दिया। 78 दुकानों से नमूना संग्रह किए। एक को कारण बताओ नोटिस दिया।
जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने बताया कि जनपद में बीज की गुणवत्ता व उचित दर पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए शासन के निर्देश पर बीज निरीक्षकों की टीम गठित की गई है। इसमें उप कृषि निदेशक देवरिया को सलेमपुर, भूमि संरक्षण अधिकारी को भाटपाररानी, जिला कृषि अधिकारी को देवरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी को रुद्रपुर और बरहज तहसील की जिम्मेदारी मिली है। बुधवार को बीज निरीक्षकों ने अपने क्षेत्र में बीज की दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक होल्डिंग, ब्लैक मार्केटिंग, निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बीज बिक्री आदि संभावनाओं के मद्देनजर जांच पड़ताल की। बीज की गुणवत्ता संदेहास्पद मिलने पर 78 दुकानों के नमूना संग्रह किए गए। जिस दुकान की कमी मौके पर ही प्रमाणित हो गई उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया।