चिकित्सकों के साथ मारपीट की घटनाओं से नाराज आईएमए का प्रदर्शन
देवरिया। चिकित्सकों के साथ मरीजों के तीमारदारों द्वारा आए दिन हो रही मारपीट की घटनाओं से नाराज आईएमए के सदस्यों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। वहीं, डॉक्टरों द्वारा प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बरहज सुनील कुमार सिंह को सौंपा गया।
राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आईएमए शाखा देवरिया से जुड़े शहर के चिकित्सकों ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में एकत्रित होकर नारेबाजी की। यहां से अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र तिवारी व सचिव डॉ. अविनाश सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए चिकित्सक कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे, जहां जनता दर्शन में सुनवाई के लिए तैनात एसडीएम बरहज को ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष डॉ. तिवारी ने कहा कि जब चिकित्सक समुदाय ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तब मरीजों का इलाज कहां तक संभव है। सरकार स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाए। सचिव डॉ. सिंह ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण से 750 डॉक्टरों ने अपनी जान गंवाई है। उसी दरम्यान देश के कई हिस्सों में डॉक्टर सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के तीमारदारों के कोपभाजन का शिकार हुए। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। इस दौरान डॉ. अरविंद मिश्र, डॉ. संजीव अग्रवाल, डॉ. केके अग्रवाल, डॉ. सुभाष गुप्ता, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. समीर यादव, डॉ, वीके शर्मा, डॉ. नवेंदु राय, डॉ. करन अरोरा, डॉ. पवन अरोरा, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. आरके खत्री, डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. मो. आरिफ आदि मौजूद रहे।