उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया तो बहाल हुई आपूर्ति
60 घंटे से भिंगारी बाजार उपकेंद्र में ताला बंदकर नदारद थे बिजली कर्मी
प्राइवेट लाइनमैन की मौत से नाराज बिजली कर्मियों ने ठप की थी आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। प्राइवेट लाइनमैन के मुआवजे की मांग को लेकर 60 घंटे से भिंगारी बाजार के बिजली घर की आपूर्ति बिजली कर्मियों ने ठप कर रखी थी। उपकेंद्र पर पहुंचकर नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया और बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित होने का हवाला देते हुए आपूर्ति बहाल करने की जिद पर अड़ गए। मामला बढ़ते देखकर एसडीओ ने आपूर्ति चालू कराई।
विद्युत उपकेंद्र भिंगारी बाजार से दर्जनों गांवों की आपूर्ति होती है। नरायणपुर गांव में प्राइवेट लाइनमैन की मौत 25 फरवरी को बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना से दुखी बिजली कर्मियों ने मुआवजे की मांग को लेकर उपकेंद्र बंद कर दिया था। लगातार 60 घंटे से बिजली प्रभावित होने से इलाके लोग परेशान हो गए। बृहस्पतिवार को युवा शक्ति संगठन भिंगारी बाजार के अध्यक्ष दुर्गा प्रताप शाही के नेतृत्व में युवक उपकेंद्र पर पहुंचे और बिजली कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए आपूर्ति चालू करने की मांग करने लगे। युवाओं का कहना था कि यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले परीक्षार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांववालों की रात अंधेरे में कट रही है। मोबाइल डिस्चार्ज के कारण लोगों का संपर्क टूट गया है। इस बाबत बिजली निगम के एसडीओ कांतानाथ पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों के अभाव में बिजली की आपूर्ति बाधित थी, जिसे चालू करा दिया गया है। प्रदर्शन करने वालों में अकबर अली, नीतीश दुबे, प्रभात मिश्र, गोविंद यादव, धीरज द्विवेदी, मोनू मिश्र, बलवंत सिंह, धीरज सिंह आदि मौजूद रहे।