रामपुर कारखाना। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा निर्माण के बाद बिना अनुमति के मिट्टी खनन की ग्रामीणों ने बुधवार को पोल खोली है। खनन विभाग और पुलिस की टीम के छापे में एक ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़ लिया। जबकि जेसीबी और अन्य ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर चालक भाग गए।
थाना क्षेत्र के कमधेनवा गांव में अवैध रूप से मिट्टी की जेसीबी से खोदाई की जा रही थी। बुधवार को किसी ने इसकी सूचना खनन विभाग को दी। जानकारी होते ही खनन विभाग एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मौके से मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़ लिया, जबकि चालक जेसीबी और अन्य ट्रैक्टर- ट्राॅली लेकर भाग गए। खनन और पुलिस विभाग की टीम उसे पकड़ नहीं सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की मिलीभगत से जेसीबी को छोड़ दिया गया। पूछताछ के दौरान ट्रैक्टर चालक कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। खनन अधिकारी राजन कुमार के निर्देश पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक राय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीज कर दिया गया है। संवाद