तिमारदारों ने अस्पताल के कर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। प्रसव के दौरान जुड़वा बच्चों की मौत से गुस्सा तीमारदारों ने सीएचसी के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मदनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी अनिल कुमार की शादी कोतवाली क्षेत्र के बनरही गांव में हुई है। पत्नी सुमन कई दिनों से मायके में हैं। मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिवार के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। परिजनों का आरोप है कि महिला को पूरे दिन प्रसव का दर्द होता रहा। वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने सामान्य प्रसव की बात करते हुए समय गुजारते रहे। मंगलवार की देर शाम जब डिलीवरी कराई तो लापरवाही के चलते दोनों जुड़वा बच्चों की मौत हो गई थी। सीएचसी के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार ने बताया कि दोनों बच्चे पैदा होने से पहले मर चुके थे। नवजात की मौत पर परिवार के लोग बेवजह अस्पताल में हंगामा कर रहे थे। वहीं परिवार के लोगों ने कहा कि अगर समय से डिलीवरी करा दी जाती तो बच्चों की जान बच जाती।
......
प्रसव के बाद एंबुलेंस के लिए करना पड़ रहा घंटों इंतजार
सलेमपुंर। सीएचसी में प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं को प्रसव के बाद एंबुलेंस के लिए घंटो इंतजार करना पड़ रहा है। बरसीपार छावनी टोला गांव निवासी लव कुमार की पत्नी बबिता देवी व कोड़रा ठाकुर गांव निवासी रामू चौहान की पत्नी मनीषा देवी का सीएचसी में प्रसव हुआ था। अस्पताल से बुधवार को डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें एंबुलेंस के लिए करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। वहीं एंबुलेंस चालकों ने बताया कि केवल एक ही 102 नंबर की एंबुलेंस चल रही है। जिसके चलते दिक्कत हो रही है।