पंचायत चुनाव में रंजिश को लेकर कोड़र गांव में बुधवार की रात चार राउंड हवाई फायरिंग हुई। रात में गांव में फायरिंग से अफरा तफरी मच गई। इस दौरान नव निर्वाचित बीडीसी और प्रत्याशी के बीच मारपीट भी हुई। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में पचलड़ी चौराहे पर नोकझोंक हुई थी। मामले में एक पक्ष से जुड़ी महिलाओं ने छेड़खानी और दूसरे पक्ष के लोगों ने गोलबंद होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बीडीसी चुनाव में एकौना थाना के कोड़र गांव के अरविंद यादव और ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव प्रत्याशी थे। जिसमे प्रधान वीरेंद्र यादव ने जीत दर्ज की। तीन दिन पहले दोनों के बीच एक प्रत्याशी को चुनाव लड़ने से मना करने को लेकर कहासुनी होने लगी। एक पक्ष ने प्रत्याशी नहीं उतारने के एवज में दूसरे पक्ष पर तय रकम नहीं देने का आरोप लगाया। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बुधवार की रात दोनों पक्ष में एक बार फिर मारपीट होने लगी। इस दौरान एक पक्ष ने चार राउंड फायरिंग कर दी। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। फायरिंग की सूचना पर गांव में रात को पुलिस पहुंची तो दोनों पक्ष के लोग फरार हो गए। अरविंद यादव की तरफ से रमाशंकर यादव ने प्रधान और उनके समर्थकों पर गोलबंद होकर मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। वीरेंद्र यादव और अशोक ने अपनी जान माल के सुरक्षा की गुहार लगाई। गांव की कुछ महिलाओं ने थाने में तहरीर देकर एक पक्ष पर छेड़खानी करने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया।