राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जीते हुए प्रत्याशियों के बारे में गलत जानकारी दर्ज होने से नाराजगी है। जिला पंचायत वार्ड संख्या 19 गौरीबाजार दक्षिणी मध्य से चुनाव जीते वीरेंद्र उर्फ मुकुल ने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी से वेबसाइट पर शैक्षिक योग्यता दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित वेबसाइट पर उन्हें निरक्षर बताया गया है, जो कि गलत है। उन्होंने कहना है कि उन्होंने एमएससी कृषि और बीएड उपाधि हासिल की है। इसी तरह बैतालपुर ब्लॉक के वार्ड संख्या 39 बलियवां से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर आशा देवी ने जीत दर्ज की है। लेकिन उनकी जगह पर पांचवे नंबर पर रहीं किरन देवी का नाम विजयी प्रत्याशी के रूप में दर्शाया गया है। आरओ पीके त्रिपाठी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर इसे दुरुस्त करने को कहा है। वहीं बभनी प्रथम से बीडीसी सदस्य पद पर रवि कुमार सिंह ने जीत दर्ज की लेकिन उनकी जगह पर दूसरे का नाम दर्ज है। इस बाबत सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय बहादुर राय ने बताया कि अभी ब्लॉकों से विजयी बीडीसी सदस्यों की सूची नहीं आई है। ब्लॉक मुख्यालयों से सूची आने के बाद आयोग की वेबसाइट पर गलतियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा।