बरहज। क्षेत्र के बारा दीक्षित-महेन मार्ग पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। अधिकारियों ने बाेई गई फसल काटे जाने और पैमाइश के बाद सड़क निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया है।
आरईएस की ओर से बारा दीक्षित से लक्ष्मीपुर, खोरी के रास्ते महेन जाने वाली सड़क पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से हो रहे निर्माण कार्य से खेतों में बाेई गई फसल बर्बाद होने की शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार रमेश गुप्त राजस्व टीम के साथ मौके का मुआयना किया। किसानों का कहना था कि जिम्मेदार जेसीबी आदि लगाकर बुवाई किए गए खेतों से मनमाने ढंग से मिट्टी निकाल रहे हैं, जिससे फसल बर्बाद हो रही है। मौके पर अशोक पांडेय, निशिकांत दीक्षित आदि मौजूद रहे। एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने बताया कि किसानों की शिकायत पर राजस्व टीम मौके पर गई हुई थी। पैमाइश तक कार्य रोक दिया गया है।