देवरिया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति परखी और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को युवा मतदाताओं के नाम प्राथमिकता से जोड़ने के निर्देश दिए।
डीएम ने देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 246 से 252 तक निरीक्षण किया। इसके बाद रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिरसिया के बूथ संख्या 77, 78, 79 और 80 तथा पथरदेवा के उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरा स्थित बूथ संख्या 136, 137 और 138 का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से फॉर्म-6, 7 और 8 के प्राप्त आवेदनों, बीएलओ एप, ईपीआईसी और जेंडर रेशियो की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के आवेदन प्राथमिकता से प्राप्त किए जाएं। नाम, पता, आयु, लिंग और फोटो में संशोधन के साथ स्थान परिवर्तन से संबंधित आवेदनों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सभी बीएलओ निर्धारित समय तक अपने बूथों पर मौजूद रहकर लोगों को जरूरी जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराएं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अपील की कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे प्रारूप-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 और नाम, पता, आयु, लिंग व फोटो में संशोधन के लिए प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन संबंधित बीएलओ के पास जमा करने के साथ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल एप के जरिये ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं।