आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर होगी दंडात्मक कार्रवाई: डीएम
देवरिया। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसका उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। डीएम आशुतोष निरंजन ने कहा कि मतदाताओं को डराना, धमकाना, उन्हें मत डालने से रोकना, अपने पक्ष में मत डालने के लिए प्रलोभन देना आदि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के साथ ही आपराधिक कृत्य भी हैं। ऐसे कृत्यों में संलिप्त रहने वालों पर जिला प्रशासन की पैनी नजर है। जो भी इस तरह का कार्य करेगा, उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा है कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए दावत देना व शराब आदि अन्य सामग्री बांटना अत्यंत ही आपत्तिजनक व आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। ऐसे कार्यों में लिप्त रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि किसी के द्वारा इस तरह के कार्य किए जाते हैं तो उसकी सूचना जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं जनपद में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 05568 229600 व मोबाइल नंबर 9415277539 पर अवश्य दें। जानकारियों का पूरा संज्ञान लिया जाएगा। लोग बिना किसी के बहकावे, लालच, प्रलोभन में आए निडर निर्भीक व भयमुक्त होकर अपने मत का प्रयोग करें। प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।