- कक्ष निरीक्षकों को किया गया कार्यमुक्त, रमेश सिंह होंगे नए केंद्र व्यवस्थापक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत 27 फरवरी को जिलाधिकारी ने हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा के दौरान जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना के निरीक्षण में लापरवाही पकड़ी थी। मंगलवार को डीआईओएस ने इस पर सख्त रुख अपनाया और केंद्र के कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा कार्य से मुक्त कर दिया। साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट पर कार्रवाई के लिए सीडीओ को लिखा गया है, वहीं, प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार राय ने मंगलवार को बताया कि जिलाधिकारी के निरीक्षण में जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना में कई खामियां मिलीं थीं। कक्ष संख्या 11 के परीक्षार्थी आपस में बात करते दिखे थे। विद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक प्रदीप कुमार अपने कार्य के प्रति लापरवाही बरतते पाए गए। स्टेटिक मजिस्ट्रेट योगेंद्र कुशवाहा भी कार्य कुशलता पूर्वक नहीं करते मिले।
उन्होंने कहा कि इस परीक्षा केंद्र से संबंधित कक्ष के निरीक्षकों को तत्काल परीक्षा ड्यूटी से कार्यमुक्त कर दिया गया है। जीआईसी के सहायक अध्यापक रमेश सिंह को वहां नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से नहीं लेेने पर प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
हाईस्कूल की अंग्रेजी और इंटर की भौतिकी परीक्षा को चुनौती मान रहे अफसर
देवरिया। बुधवार को होने वाली हाईस्कूल की अंग्रेजी और इंटर के भौतिक विज्ञान की परीक्षा को चुनौती मान अफसर तैयारी कर रहे हैं। एक मार्च को प्रथम पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी एवं द्वितीय पाली में इंटर के भौतिकी प्रश्नपत्र की परीक्षा है। अंग्रेजी में 68,921 तो भौतिक विज्ञान में 46,133 परीक्षार्थी हैं। दोनों पालियों में महत्वपूर्ण विषयों के प्रश्नपत्र होने से नकलविहीन परीक्षा कराना जिम्मेदारों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। डीआईओएस ने बताया कि सभी सचल दल व 193 केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे, वायसयुक्त रिकाॅर्डर क्रियाशील रखने, कक्ष निरीक्षक केंद्रों की निगरानी बैठ कर नहीं, गतिमान रहकर करेंगे। कहीं से भी किसी लापरवाही की सूचना मिली तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूपी बोर्ड में मंगलवार को 1585 रहे अनुपस्थित
मंगलवार को प्रथम पाली में इंटर के फल एवं खाद्य संरक्षण सहित अन्य विषयों में 412 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 371 उपस्थित एवं 44 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटर के कृषि वनस्पति विज्ञान, कृषि अर्थशास्त्र में पंजीकृत 12,143 में 10,599 उपस्थित रहे।
सीबीएसई के 12वीं रसायन में 73 ने छोड़ी परीक्षा
मंगलवार को जिले के 10 केंद्रों पर सीबीएसई बोर्ड के 12वीं के रसायन विज्ञान की परीक्षा थी। जिला समन्वयक वीके शुक्ल ने बताया कि पंजीकृत कुल 4209 परीक्षार्थियों में 73 अनुपस्थित रहे।