नगर के पश्चिमी बाईपास की सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवाते तहसीलदार और नगर पंचायत के ईओ
- फोटो : DEORIA
सेमरौना से आदर्श चौराहे तक चली जेसीबी
पटरी पर बनीं कई अस्थायी दुकानें ध्वस्त
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। नगर में सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर पंचायत प्रशासन ने शुक्रवार को तीन घंटे कार्रवाई की। इस दौरान सेमरौना चौराहे से लेकर आदर्श चौराहे तक सड़क पर कब्जा जमाए लोगों को बेदखल किया गया। पटरियों पर अस्थायी लकड़ी की दुकान और गुमटियों को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया।
दोपहर एक बजे से चार बजे तक तहसीलदार रामाश्रय और कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। सेमरौना पुल से जमुनी तिराहे तक पटरी पर बनीं दुकानों को तोड़ दिया गया। गुमटी रखकर सड़क पर कब्जा जमाए लोगों को दोबारा अतिक्रमण करने पर भारी जुर्माना लगाकर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। ईओ उपेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि नगर में अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहेगा। नगर के विभिन्न मार्गों पर बारी-बारी से अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई गई है। इसके बाद खजुआ चौराहे से बस स्टेशन और बसस्टेशन से तहसील तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा। थाने से मुख्य बाजार होते हुए भभौली चौराहे तक का अतिक्रमण आगामी दिनों में हटाया जाएगा। आवागमन को सुचारु बनाने के लिए शासन ने नगर पंचायतों को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश जारी किया है। अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों पर भारी जुर्माना लगाकर केस दर्ज कराया जाएगा। सड़कों पर बिल्डिंग मैटीरियल गिराकर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोतवाल अरुण कुमार मौर्य, विनोद शुक्ला, अनूप त्रिपाठी, अयूब खान आदि टाउन एरिया के कर्मचारी मौजूद रहे।