देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज और साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों में अनियमितता अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था और ठेकेदार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन छात्रावास, संग्रहालय भवन, वाचनालय, शौचालय तथा चहारदीवारी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
लगभग 19 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद करा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा करीब 3.53 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया, कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, तकनीकी टीम के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।