फोटो समाचार.......
- काफी दिनों से युवती के संग दारा का प्रेम प्रसंग चलने की सूचना, उसके परिवार के साथ थे अच्छे संबंध
- युवती का किसी और से संबंध होने के बाद दारा की हुई तकरार
- चर्चा, युवती के नहीं मानने पर दिए गए पैसे की दारा ने की मांग तो हुई कहासुनी
- गिरफ्तार इलाजरत शेखर ने पुलिसिया पूछताछ में एसिड फेंकने की बात स्वीकारी
- तीसरे आरोपी की पुलिस कर रही तलाश, कई स्थानों पर दी दबिश
- पुलिस कार्रवाई पर घायल युवतियों के परिजनों ने जताया संतोष
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/गौरीबाजार। थाना क्षेत्र के एक गांव से सुबह में अपनी सहेली के साथ गौरीबाजार चौराहे पर जा रही युवती पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इस घटना के बाद से पुलिस जांच कर ही रही थी कि महज 12 घंटे के अंदर जिले से बाहर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायर झोंक दिया। जब पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश भाग निकला। जबकि दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। उनका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि घायल युवक ने पूछताछ में ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की बात स्वीकारी है। इस घटना का मुख्य अभियुक्त अधेड़ दारा सिंह है, जिसका एक युवती के संग प्रेम प्रसंग था। इन दिनों युवती का एक दूसरे युवक की तरफ आकर्षण था, जो दारा सिंह को नागवार गुजरा। उसने पहले युवती को मना किया, युवती ने उसकी बात नहीं मानी। उसने युवती से खुद के द्वारा दिए गए सारे पैसे की मांग की। इससे दारा सिंह से कहासुनी हो गई। इससे आहत दारा सिंह ने शेखर व उसके दोस्त के साथ मिलकर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की योजना बना ली।
शेखर ने चलती बाइक से फेंका था ज्वलनशील पदार्थ
देवरिया। युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में फरार चल रहे तीसरे बदमाश की गिरफ्तारी में पुलिस टीमें लगी हैं। पुलिस अभी इस घटना के संबंध में बहुत कुछ नहीं बोल रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना के दिन दारा सिंह तीनों के साथ एक ही बाइक से घर से निकला। युवती के पहुंचने से पहले मुख्य मार्ग पर आ गया और उसके आने का इंतजार करने लगा। जैसे ही युवती अपनी सहेली के साथ मुख्य सड़क पर आई तो तीनों पीछे से उनके पास पहुंचे। अभी युवती उनकी तरफ देख पाती, इतने में शेखर ने उनपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। दहशत के मारे दोनों युवतियां बदहवास होकर साइकिल से गिर पड़ीं। उन्हें जलन महसूस हुई तो युवती की दोस्त ने देखा कि उसकी बांह पर का सूट जल गया है। युवती के चेहरे पर जलन महसूस होने पर उसे गौरीबाजार एक क्लिनिक में लाया गया, जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ता दारा तो 15 को छोड़ देता देश
गौरीबाजार। युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने का मुख्य आरोपी व पुलिस मुठभेड़ में घायल दारा सिंह 15 अप्रैल को विदेश जाने वाला था। वह अक्सर विदेश कमाने के लिए आया-जाया करता था। पत्नी के कैंसर होने के बाद बीमार रहने के कारण वह घर पर ही रहता था। करीब एक वर्ष पहले पत्नी ने बीमारी से लड़ते-लड़ते दम तोड़ दिया। इधर, उसने विदेश जाने की योजना बना ली। उसने अपना टिकट व वीजा सब तैयार करवा लिया। इसी बीच उसकी युवती से अनबन हो गई। उसने समय का लाभ उठाते हुए युवती पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकवा कर घर छोड़ने की योजना बना ली। वह अपने दोनों साथियों के साथ गोरखपुर सीमा में प्रवेश करना चाहता था। रात होने पर वह दोनों के साथ घर से निकला, लेकिन पुलिस की वाहन जांच ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। हालांकि, इस घटना में दारा व शेखर पुलिस के हत्थे मुठभेड़ में चढ़ गए, लेकिन तीसरा युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से मची थी खलबली
गौरी बाजार से सटे एक गांव निवासी दो युवतियां बृहस्पतिवार को साइकिल से गौरी बाजार जा रही थीं। देवगांव-हाटा रोड के समीप सुनसान स्थान पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से खलबली मच गई।
घटना के बाद से ही एक्शन में दिखी पुलिस
गौरीबाजार। दो युवतियों पर ज्वलनशील फेंकने की घटना में दो युवतियों के झुलसने की खबर के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया। एसपी संकल्प शर्मा ने घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया। इसके बाद शहर कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा, गौरीबाजार थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र व मदनपुर इंस्पेक्टर रामाज्ञा सिंह एक साथ कालाबन गुरुचघाट पुल पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखे। रोकने पर उनकी तरफ से पुलिस पर फायरिंग की जाने लगी। यह देखकर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें दारा सिंह और शेखर सिंह जख्मी हो गए।
मुठभेड़ में घायल आरोपियों का भी चल रहा इलाज
गौरीबाजार। दो युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले बाइक सवार तीन बदमाशों में से दो देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। जबकि तीसरा मौके से फरार हो गया। उसकी धर-पकड़ के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन वह पुलिस के हत्थे न चढ़ सका। घटना में शामिल दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक वर्ष पहले पत्नी की कैंसर से हुई थी मौत
ज्वलनशील पदार्थ फेंकवाने का मुख्य आरोपी दारा सिंह दो पुत्रों एवं एक पुत्री का पिता है। दारा सिंह ने कुछ दिन पूर्व जमीन बेचकर एक पुत्री की धूमधाम से शादी की थी। उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित थी। उसकी एक वर्ष पूर्व मौत हो गई।
झुलसीं दोनों युवतियों की हालत स्थिर
गौरी बाजार। एसिड अटैक झुलसी दोनों युवतियों का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। चिकित्सकों की एक टीम पूरी माॅनिटरिंग कर रही है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। खतरे से बाहर हैं। हालांकि, प्रभावित हिस्सों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। उनके परिजनों ने बताया कि उनकी बच्चियां खतरे से बाहर तो हैं लेकिन एक के चेहरे व गर्दन का 20 फीसदी तथा दूसरे के हाथ का लगभग 15 फीसदी हिस्सा प्रभावित हुआ है। उनको जलन हो रही है।
कोट
पुलिस टीम ने रोका तो करने लगे फायरिंग
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की घटना के बाद पुलिस जगह-जगह छापेमारी करते हुए वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस टीम ने रोकना चाहा तो वे फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो लोगों, जिसमें मुख्य आरोपी दारा सिंह व शेखर के पैर में गोली लगी। जबकि तीसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल दारा व शेखर के पास से 315 व 312 बोर के दो तमंचा व दो कारतूस को बरामद कर जब्त कर लिया। तीसरे आरोपी की धर-पकड़ के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दे रही है। शीघ्र उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।