दुकानदार से रकम लूटने की कोशिश का आरोप
बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। क्षेत्र के बनकटा-भैंसही मार्ग पर सोमवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकानदार पर पिस्टल के बट से हमला कर रकम लूूटने की कोशिश की। हालांकि, वे सफल नहीं हुए। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भैंसहीं गांव निवासी धनेश जायसवाल की बनकटा बाजार में किराने की दुकान है। रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद करने के बाद घर जा रहे थे। इसी बीच बनकटा स्टेशन के पश्चिमी ढाले से करीब दो सौ मीटर आगे संजय तिवारी के घर के पास रात करीब नौ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने व्यवसायी पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया और कैश लूटने की कोशिश करने लगे।
दुकानदार की चीख सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने स्थानीय थाने में पड़ोस के गांव के दो युवकों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। बनकटा थानाध्यक्ष बरजोर सिंह ने बताया कि घटना लूट की कोशिश की नहीं, बल्कि मारपीट की बताई जा रही है। लूट की कोशिश करने का कोई सबूत नहीं मिला है।