बैतालपुर। नगर पंचायत बैतालपुर के गांधीनगर निवासी अभिभावक शक्ति नारायण मणि ने क्षेत्र के एक स्कूल में पांच मिनट देर से पहुंचने पर बच्चे को धूप में खड़े करने और विरोध करने पर अभिभावक के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है।
इससे संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बच्चों के स्कूल पहुंचने का समय सुबह 7: 40 बजे निर्धारित है। शनिवार की सुबह करीब 7:45 बजे बच्चा स्कूल पहुंचा। इसको लेकर बच्चों को धूप में खड़ा करा दिया गया। इसका विरोध करने पर स्कूल प्रबंधन ने अभिभावक के साथ दुर्व्यवहार किया।
इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी उपेंद्र कुमार भारती का कहना है कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। विद्यालय से स्पष्टीकरण लिया जाएगा और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।