सलेमपुर। भटनी के मिश्रौली दीक्षित गांव में तालाब में जहरीला पदार्थ डालकर किसी ने हजारों मछलियां मार डालीं। मरी मछलियों की कीमत करीब पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। भटनी क्षेत्र के गांव मिश्रौली दीक्षित में तालाब का पट्टा तहसील और मत्स्य विभाग की ओर से मुन्ना साहनी को मछली पालन के लिए आवंटित किया गया है। मुन्ना का आरोप है कि किसी ने निजी रंजिश वश 14 अगस्त की रात तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। 15 अगस्त की सुबह जब वह तालाब पहुंचे तो बड़ी मछलियों को अजीब ढंग से तैरते हुए देखा। उनको तालाब से बाहर निकाला और डाॅक्टर से जांच कराई। पता चला कि तालाब में कोई जहरीला पदार्थ डाला गया है। पीड़ित ने एसडीएम सलेमपुर व थाने पर अज्ञात विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद