देवरिया। परसिया मिश्र प्रधान और प्रधान संघ जिलाध्यक्ष की पिकअप से कुचलकर की गई हत्या में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। फरार चल रहे तीन आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
परसिया मिश्र गांव के प्रधान अशोक मिश्र को भरौली चौराहा पर देवरिया जाते समय 11 अक्तूबर को पिकअप से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। बेटे प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने सोन्हुला निवासी आविद, गांव निवासी अजय तिवारी, मुकेश मिश्र, अतुल और कौशलेश मिश्र सहित पिकअप चालक पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में शेरवां बभनौली निवासी रूदल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया था कि सोन्हुला निवासी आविद खान से 40 हजार रुपये में प्रधान संघ अध्यक्ष की हत्या करने का सौदा हुआ था। हालांकि घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी आबिद और अजय तिवारी को सदर कोतवाली पुलिस ने सोनूघाट से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने न्यायालय में आरोपियों को पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में दोनों को जेल भेज दिया गया। इस मामले में फरार चल रहे मुकेश, अतुल और कौसलेश की तलाश पुलिस कर रही है। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया।