पत्नी की मौके पर हुई मौत, घायल पति को लोगों ने लार सीएचसी पर भेजा
भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने मेहरौना बार्डर पर बैरिकेटिंग कर रोका
मेहरौनाघाट। रामजानकी मार्ग पर बाइक सवार दंपती को ट्रक ने कुचल दिया। पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को बार्डर पर पुलिस ने बैरिकेटिंग कर रोक लिया। ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत ले लिया है।
सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के सेलउर गांव निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मण राजभर अपनी 45 वर्षीय पत्नी बसंती देवी के साथ किसी काम से लार आए थे। काम निपटाने के बाद मंगलवार की देर शाम को वह घर जा रहे थे। अभी वह लार थाना क्षेत्र के मेहरौना कस्बा में पहुंचे थे, कि पीछे से तेज रफ्तार जा रही ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। मौके पर बसंती देवी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को लोगों ने पुलिस की मदद से लार सीएचसी पर पहुंचाया। ट्रक को मेहरौना बार्डर पर बैरिकेटिंग कर पुलिस ने रोक लिया। लार इंस्पेक्टर कपिलदेव चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।