ट्रेन की चपेट में आने से महिला समेत दो की मौत
अलग-अलग जगह पर हुई घटना, पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बरियारपुर। अलग-अलग जगह पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला समेत दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिवारवालों को सूचना दी।
सदर कोतवाली के भीखमपुर रोड निवासी केदारनाथ गुप्त 59 सोमवार की सुबह चकियवां ढाले के पास घूम रहे थे। रेलवे लाइन पार करने के दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पॉकेट से मिले कागजात से उसकी पहचान केदारनाथ गुप्त के रूप में किया। सूचना के बाद परिवार के लोग पहुंच गए। केदारनाथ की पत्नी ऊषा देवी और बेटियां हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं, नूनखार स्टेशन के पास सोमवार को एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुखुंदू थाने के नूनखार स्टेशन के 100 मीटर पूरब ट्रैक के किनारे खड़ी 55 वर्षीय महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई। लोगों शोर मचाया और जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव की पहचान परसिया करकटही निवासी लाची देवी पत्नी मंगल प्रसाद प्रसाद के रूप में की। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।