खड़े ट्रक में घुसी बाइक, युवक की मौत
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के गौरा गांव के पास हादसा
वेल्डिंग का कार्य कर देवरिया से लौट रहे थे घर
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर कारखाना। थानाक्षेत्र के गौरा स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार की देर रात खड़े ट्रक में बाइक घुसने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका दूसरा साथी गंभीर रुप से जख्मी हो गया है। जिला अस्पताल से प्रारंभिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
थानाक्षेत्र के मथुरा छापर निवासी आनंद यादव (25) पुत्र कैलाश यादव और संजय यादव (35) पुत्र शोभा यादव देवरिया में वेल्डिंग का काम करते हैं। काम समाप्त होने के बाद सोमवार की देर रात घर जा रहे थे। देवरिया-कसया मार्ग पर गौरा गांव के पास पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक में घुस गई। हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया। संजय की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आनंद के मौत की खबर सुनते ही परिवारजनों में कोहराम मच गया। मां सुभावती और पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। आनंद की शादी बीते फरवरी में ही हुई थी। चार माह बाद ही मौत से हर कोई स्तब्ध है। उसकी तीन बहन और दो भाई हैं।