मेडिकल कालेज में दस बेड के वार्ड में लगी पांच एसी खराब हुई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में एसी खराब होने से मरीजों को परेशानी हो रही थी। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को एसी की मरम्मत कर ठीक कर दिया गया है। इससे मरीजों को राहत मिली है।
मेडिकल कॉलेज में आने वाले बीमारी से पीड़ित गंभीर बच्चों को 15 बेड के पीआईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जाता है। इसमें दस बेड के वार्ड में लगी पांच एसी में चार खराब हो गई थी। भीषण गर्मी में भर्ती बच्चे परेशान थे। तीमारदार घर व खरीदकर हाथ पंखा के सहारे राहत पहुंचा रहे थे तो कोई गत्ता के टुकड़े का सहारा ले रहा था। इस समस्या से संबंधित खबर अमर उजाला में मेडिकल कॉलेज: पीआईसीयू में चार दिन से एसी खराब शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद अधिकारियों ने एसी का मरम्मत कराया। अब मरीजों को गर्मी से राहत मिल रही है। सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि पीआईसीयू में लगी एसी की मरम्मत करा दी गई है। मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
लेंस मिला, आज से शुरू हो जाएगा मोतियाबिंद का ऑपरेशन
देवरिया। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद का आपरेशन लेंस और दवा के अभाव में करीब एक माह से बंद था, लेकिन मरीजों को अब राहत मिलेगी। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग को चार सौ लेंस उपलब्ध करा दिया गया है। बुधवार से मोतियाबिंद आपरेशन शुरू हो जाएगा।
राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद के मरीजों को रोशनी देने का कार्य किया जाता है। नेत्र रोगियों की जांच कर चिह्नित करने के बाद मोतियाबिंद का आपरेशन किया जाता है। जनपद में मेडिकल कॉलेज में करीब एक माह से लेंस, दवा व चश्मा समाप्त हो गया है। इसकी वजह से आपरेेशन का कार्य ठप हो गया था। इसके चलते करीब पांच सौ मरीज डेड लेने के बाद आपरेशन के लिए परेशान थे। काफी प्रयास के बाद यूपीएमसीएल से 400 लेंस मंगाया गया है। बुधवार को आपरेशन शुरू होगा। हालांकि अभी तक दवा व चश्मा उपलब्ध नहीं हो सका है। जिन मरीजों का आपरेशन आवश्यक होगा उनका ही अभी आपरेशन किया जाएगा। उधर सीएचसी, बरहज, तरकुलवा व सलेमपुर में भी आपरेशन होता है, लेकिन लेंस की कमी के कारण कम आपरेशन हो रहा है।
-
मेडिकल कॉलेज में यूपीएमसीएल से 400 लेंस उपलब्ध कराया गया है। मोतियाबिंद का ऑपरेशन शुरू कर दिया जाएगा।
डॉ. एचके मिश्रा सीएमएस
सीएमओ ने की नेत्र सर्जनों की बैठक
देवरिया। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद आपरेशन तेज करने के लिए नेत्र सर्जनों की बैठक मंगलवार को सीएमओ कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में हुई। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि मोतियाबिंद के आपरेशन में तेजी लाई जाए। जिस सामग्री की आवश्यकता है, उसके लिए डिमांड करें। जल्द उपलब्ध करा दिया जाएगा। सभी लोग मनोयोग से कार्य कर, ताकि प्रदेश में जनपद का स्थान आए। कहा कि मेडिकल कॉलेज में लेंस उपलब्ध करा दिया गया है। अन्य सामग्री भी जल्द मुहैया हो जाएगी। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, मेडिकल कॉलेज के नेत्र कन्हैया प्रसाद, डॉ. एसके सिंह के अलावा नेत्र सर्जन सीएचसी बरहज के डॉ. बीएन यादव, तरकुलवा के डॉ. पंकज, सलेमपुर के डॉ. अजीत सिंह सहित कर्मचारी मौजूद रहे।