गौरी बाजार (देवरिया)। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास तीन दिन पहले पानी के जहाज पर रूसी हमले में गौरी बाजार क्षेत्र के करमेल निवासी अभिषेक की मौत हो गई थी। इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। बेटे की मौत के गम में मां अनीता देवी की तबीयत बुधवार को बिगड़ गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता और सीओ सत्येंद्र कुमार राय ने उन्हें सीएचसी गौरी बाजार भिजवा दिया।
नायब तहसीलदार अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि हल्का लेखपाल मिथिलेश कुमार को मौके पर तैनात किया गया है। अब अभिषेक की मां की तबीयत में सुधार है। उधर माता-पिता इकलौते बेटे के निधन से टूट गए हैं। रुक-रुक कर बेहोश हो जा रहे। लोग समझा रहे। होश में आने के बाद पुत्र की बातें करते हुए दहाड़ मारकर रोने लगते हैं। यह दृश्य देख उपस्थित लोगों की आंख नम हो जा रही। घटना के तीसरे दिन भी गांव मातम छाया है।
अभिषेक के परिवार में माता-पिता और दो बहनें हैं। बेटे से माता-पिता का बहुत जुड़ाव रहा है। उसे लेकर जो सपने और अरमान सजोए गए थे, वे क्रूर काल की भेंट चढ़ गया। जब-जब मां चेतना में रहती है, वह अभिषेक के साथ बिताए गए पलों को याद कर रोने लगती है। इसके बाद बेहोश हो जाती है।