युवक ने फंदे से लटककर दे दी जान
रामपुर कारखाना। रामपुर कारखाना के महादेवा बाजार गांव में एक युवक ने रविवार को फंदे से लटककर जान दे दी। मौके पर मौजूद भाई को उसने बहाने बनाकर घर से बाहर भेज दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के महदेवा बाजार गांव के मुबारक अंसारी दुबई में वाहन चालक हैं। वह इन दिनों विदेश में हैं। उनका बड़ा बेटा इरशाद 21 वर्ष प्लंबर का काम करता था। रविवार को उसकी मां की तबीयत खराब हो गई। उसका भाई शाहिल अपनी मां को लेकर कुशीनगर इलाज कराने चला गया। छोटे भाई इमरान को इरशाद ने बहाना बनाकर गांव में ही रहने वाली अपनी मौसी के घर भोजन करने के लिए भेज दिया। उसके बाद उसने घर के मेन गेट का अंदर से ताला बंद कर चाबी बाहर फेंक दी। रस्सी से आंगन के ग्रिल से फंदा लगाकर जान दे दी। इमरान मौसेरे भाई एकलाख और अशरफ के साथ घर पहुंचा। चाबी बाहर देखकर उन्होंने फाटक खोला और आंगन में भाई को लटकते देख शोर मचाना शुरू कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक ने आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।