पारिवारिक विवाद से आहत होकर सोमवार की खुद लगा ली थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। क्षेत्र के अहिरौली बघेल गांव का एक युवक ने पारिवारिक विवाद से आहत होकर सोमवार की दोपहर में आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक की रात मे इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी 28 वर्षीय विश्वजीत ने सोमवार की दोपहर अचानक खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरा देख परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। परिजन आननफानन उसे स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
वहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। विश्वजीत तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पिता जनार्दन, मां, पत्नी सीमा, छह वर्षीय बेटी दिव्या और पांच वर्षीय बेटा दिव्यांश के साथ बहन ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का हर सदस्य गहरे सदमे में है। गांव में घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही। लोगों का कहना है कि पारिवारिक कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। युवक की असमय मौत से जहां परिवारजन बेसुध हैं, वहीं ग्रामीणों ने भी दुख जताते हुए इसे बेहद दर्दनाक बताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।