आंख में मिर्च पाउडर फेंककर रकम लूटी
हनुमान मंदिर के पीछे रविवार की सुबह हुई घटना, एक को लोगों ने, दूसरे को पुलिस ने पकड़ा
पीड़ित की 20 ग्राम सोने की चेन भी लूटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। निर्माणाधीन मकान पर जा रहे एक युवक की आंख में लाल मिर्च का पाउडर फेंककर बदमाशों ने 1.35 लाख रुपये और 20 ग्राम सोने की चेन लूट ली। शोर सुनकर निकले मोहल्लेवासियों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के बताने के मुताबिक एक अन्य को पकड़ लिया। पीड़ित की पत्नी ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि लूट नहीं मजदूरी का विवाद है।
शहर के राघवनगर मोहल्ले के रहने वाले केशव सिंह ने हनुमान मंदिर के पीछे जमीन खरीदी है। इस पर वह निर्माण कार्य करा रहे हैं। रविवार की सुबह नौ बजे वह गिट्टी, बालू, छड़ और अन्य सामान का बकाया देने के लिए 1.35 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। अपनी जमीन के पास पहुंचे थे कि चार बदमाशों ने उनकी आंख में लाल मिर्च का पाउडर फेंक दिया। इससे वह गिर गए। बदमाशों ने उनके पॉकेट में रखे 1.35 लाख रुपये और गले से 20 ग्राम सोने की चेन लूट ली और भागने लगे। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े और एक बदमाश को पकड़ लिए। उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से जानकारी ली और कुछ देर में ही एक और बदमाश को पकड़ लिया। हालांकि, दोनों के पास लूट के रुपये और चेन बरामद नहीं हुए। केशव सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि लूट का मामला नहीं है। केशव सिंह के निर्माणाधीन मकान में आरोपी मजदूर का काम कर रहे थे। इन्होंने कई दिन से मजदूरी नहीं दी थी। इसी को लेकर विवाद हुआ था। दो लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।