तालाब में स्नान करने गए युवक की डूबने से मौत
रेवली गांव में हुई घटना, दो भाइयों में छोटा था मुकेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवली। तालाब में स्नान करने गए रेवली गांव के युवक की डूबने से मौत हो गई। मछुआरों की सहयोग से दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लार थाना क्षेत्र के रेवली गांव निवासी रामप्रवेश प्रसाद का बेटा मुकेश (20) दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। कोविड-19 को देखते हुए लॉकडाउन के बाद वह घर चला आया। तभी से वह गांव पर ही रहता था। मंगलवार को दिन में गांव स्थित दक्षिण सती स्थान के पास तालाब में वह स्नान करने गया। स्नान करने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और उसका पैर फिसल गया और वह डूब गया। मरने वाला युवक दो भाइयों में छोटा था। कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव ढूंढा गया। उसकी मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।