मजदूर की पत्नी ने पांच युवकों पर लगाया डुबोकर मारने का आरोप
पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। बनकटा तिवारी गांव स्थित छोटी गंडक नदी में स्नान करने गए मजदूर की डूबने से मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से करीब 15 घंटे बाद शव को नदी से निकाल कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। मजदूर की पत्नी ने गांव के ही पांच युवकों पर विवाद में मजदूर को नदी में डुबाकर मारने की आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
भटनी के बनकटा तिवारी गांव निवासी नागेंद्र चौहान उर्फ भुटेली (35) मनरेगा मजदूर था। गर्मी से निजात पाने को शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह गांव स्थित छोटी गंडक नदी में स्नान करने गया। देर शाम को गांव में सूचना मिली कि नागेंद्र नदी में स्नान के दौरान डूब गया है। इस खबर से गांव में खलबली मच गई।
परिजन व ग्रामीण छोटी गंडक नदी की तरफ भागकर मजदूर का शव ढूंढने लगे, लेकिन नहीं मिला। कुछ देर बाद प्रभारी एसओ ने भी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच ग्रामीणों के सहयोग से मजदूर को ढूंढने का प्रयास किया। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मजदूर के शव को नदी से निकाला गया। पत्नी पुष्पा ने गांव के ही पांच युवकों पर पति को जबरन नदी की तरफ ले जाने व डुबाकर कर मार डालने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मां कांति देवी, पत्नी पुष्पा देवी, बेटा मुन्ना, शैलेश व बेटी पायल का रो-रो कर बुरा हाल है।
कोट
छोटी गंडक नदी में स्नान के दौरान मजदूर की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत पर गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-शिव प्रताप सिंह, सीओ भाटपाररानी