मृतक राजवीर गुप्ता की फाइल फोटो
- फोटो : DEORIA
देवरिया जिले के गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर रामपुर चौराहे के समीप बृहस्पतिवार की सुबह एक स्कूल बस की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर जा रही एक अनुबंधित बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर लगभग एक घंटे तक जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण माने। उधर, घटना के बाद स्कूल बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस छानबीन कर रही है।
गौरीबाजार क्षेत्र के ग्राम बंसहिया निवासी राजवीर गुप्ता उर्फ गोधन (18) पुत्र रामशरण गुप्ता अपने दो भाइयों में छोटा था। वह एक स्थानीय विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे वह साइकिल से दूध बेचने गौरी बाजार जा रहा था। इसी बीच रामपुर चौराहे के समीप एक मैरिज हाल के निकट स्कूली बच्चों को लेने के लिए गौरी बाजार आ रही एक विद्यालय की बस की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थोड़ी देर बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सड़क पर लहूलुहान हालत में युवक को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने युवक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने कतौरा से गोरखपुर जा रही एक अनुबंधित बस का शीशा तोड़ दिया और बस को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि स्कूल बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में ले लिया।
राजवीर की मौत की खबर मिलते ही मां मीना देवी बेहोश होकर गिर पड़ीं। पिता रामशरण, भाई सूरज, बहन सीमा, सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक विपिन मलिक ने बताया कि राजवीर के पिता रामशरण गुप्ता ने एक विद्यालय के बस चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।