मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत, साथी घायल
बाइक से जा रहे थे लखनऊ, करजहा हाईवे पर हुई घटना
घायल का गोरखपुर में चल रहा इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
पकड़ी बाजार। मदनपुर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव के रहने वाले छात्र आदित्य सिंह की बुधवार की रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने साथी के साथ बीटेक में नामांकन कराने बाइक से लखनऊ जा रहे थे। हादसा करजहां के पास राष्टीय राजमार्ग पर हुआ। दोनों सामने से आ रहे जानवर को बचाने में बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गए। घायल युवकों को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी का इलाज चल रहा है।
कुसुम्हा गांव निवासी अधिवक्ता रणवीर सिंह के पुत्र आदित्य सिंह (23) अपने मित्र विनवापुर कपरवार के रहने वाले विक्रम के साथ लखनऊ में बीटेक में नामांकन कराने जा रहे थे। दोनों बाइक से रात में लखनऊ के लिए चल दिए। करजहां के पास राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर अभी दो सौ मीटर चले थे कि सामने से अचानक पशु आ गया। जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में बाइक से गिरकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आदित्य के सिर में गंभीर चोट आने और अत्याधिक रक्तस्राव होने से अस्पताल पहुंचकर उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी विक्रम की हालत गंभीर बनी है। उनका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मौत की सूचना आते ही घर में कोहराम मच गया, मृतक की मां, पिता, दादी और छोटे भाई हिमांशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
चकनाचूर हो गया बेटे को इंजीनियर बनाने का सपना
रणवीर सिंह अपने बडे़ बेटे को इंजीनियर बनाना चाहते थे, बुधवार को बहुत अरमानों के साथ अपने पुत्र आदित्य को लखनऊ बीटेक में नामांकन करने के लिए भेजे। लेकिन नियति को यह मंजूर नहीं था। जानवर के बचाने के प्रयास में बेटे की जान चली गई। हादसे में पुत्र की मौत से वह बदहवास हो गए हैं। होनहार को खोने के बाद पूरा परिवार सदमे में हैं।