युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
जीजा को स्टेशन छोड़ने आया था सदर रेलवे स्टेशन
हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरूआडीह वार्ड नंबर 17 का रहने वाला था उग्रसेन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। छोटी सी लापरवाही कैसे जानलेवा साबित हो सकती है, इसे मंगलवार रात सदर रेलवे स्टेशन पर देेखकर लोगों के रोंगेट खड़े हो गए। जीजा को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने आए युवक की कृषक एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक करीब साढ़े नौ बजे गोरखपुर की ओर जाने वाली कृषक एक्सप्रेस के खुलने के बाद नीचे उतर रहा था। इसी दौरान वह नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। वह आईटीआई का छात्र था।
कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरूआडीह वार्ड नंबर 17 निवासी उग्रसेन (22) पुत्र राम कृपाल गोरखपुर में आईटीआई का छात्र था। मंगलवार की रात में बहन के घर चकियवां आया था। जीजा को विदेश जाने के लिए बुधवार को लखनऊ से उड़ान भरनी थी। इसके लिए रात में उग्रसेन उनको कृषक एक्सप्रेस पर बैठाने स्टेशन आया था। सामान को ट्रेन के अंदर रखकर बाहर निकलने वाला था, इसी बीच ट्रेन खुल गई। नीचे उतरते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। मौत की जानकारी होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।