फोटो समाचार........
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पड़री गांव का निवासी था युवक
गोरखपुर जंक्शन पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी एक युवक की गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने के कारण गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी युवक रितेश यादव उर्फ पप्पू पुत्र शम्भू यादव अपने गांव के कुछ युवकों के साथ सोमवार को ट्रेन से महाराष्ट्र के पुणे कमाने जाने के लिए घर से निकले। बताया जाता है कि रितेश भाटपार रानी से गोरखपुर तक किसी ट्रेन से गए। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पुणे के लिए जाने वाली किसी ट्रेन पर सवार हो रहे थे। इसी दौरान फिसलने के कारण नीचे गिर पड़े। इससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की खबर जब मृत युवक के परिजनों को हुई तो चीख-पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की रात युवक का शव जब गांव पहुंचा तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।
युवक दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई प्रिंस पुणे में ही रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। युवक के माता-पिता सहित उसके बड़ा भाई व दोनों बहनों के आंखों का आंसू नहीं सूख रहे हैं।