शहर की ट्यूबवेल कॉलोनी के समीप नाले में शव मिलने के बाद सनसनी
साकेत नगर मोहल्ले का रहने वाला था
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के साकेत नगर के रहने वाले एक पीओपी डिजाइनर की शनिवार की सुबह संदिग्धावस्था में मौत हो गई। उसका शव ट्यूबवेल काॅलोनी स्थित नाले में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली के साकेत नगर मोहल्ले के रहने वाले अजीत कुमार उर्फ भग्गू पुत्र सुरेश खरवार पीओपी डिजाइनिंग का काम करते थे। शुक्रवार की शाम को वह घर से निकले थे। शनिवार की सुबह उनका शव ट्यूबवेल काॅलोनी स्थित नाले में मिला। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता दिव्यांग हैं। वह दो भाइयों में बड़े थे। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य अजीत कुमार ही थे। उनकी मां दूसरे के घर चौका-बर्तन करके परिवार के गुजारा में सहयोग करती हैं। चर्चा है कि वह नशे के आदी थे।
सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि युवक का शव नाले में गिरा मिला था। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारण स्पष्ट होंगे।