नगर पंचायत की सड़क की पैमाइश के दौरान वादी और प्रतिवादी के बीच हुआ विवाद
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। वार्ड नंबर सात सुगही स्थित पिपरा मोहन सिंचाई विभाग के डाक बंगला के पीछे नगर पंचायत की सड़क से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक महिला आक्रामक हो गई। महिला ने नायब तहसीलदार और दारोगा के सामने वीडियो बना रहे एक सिपाही का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। नायब तहसीलदार ने उत्पात मचाने वाली महिला को कोतवाली भेजने को कहा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, वार्ड के विमलेश मिश्रा ने तहरीर देकर महिला पर कार्रवाई की मांग की।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात सुगही पिपरा मोहन के विमलेश मिश्र सहित अन्य लोगों ने डाक बंगला के पीछे नगर पंचायत की सड़क पर एक महिला पर जबरिया अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम गिरीश कुमार झा व ईओ हिमांशु प्रताप सिंह से शिकायत की थी। एसडीएम ने शनिवार को नायब तहसीलदार गोपालजी व अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक गिरिजेश चंद्र श्रीवास्तव‚ लेखपाल रजनीश कुमार मिश्र‚ ओमप्रकाश कुशवाहा‚ नितेश चतुर्वेदी‚ बसंतराज सिंह व अतुल यादव की टीम गठित कर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच पैमाइश करने के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अभी टीम मौके पर पहुंच पैमाइश कर ही रही थी कि एक कोतवाली का एक सिपाही मौके का वीडियो बनाने लगा। यह देखकर महिला आगबबूला हो गई और सिपाही से अभद्रता करते हुए मोबाइल छीनकर तोड़ दिया।
मामला बढ़ते देखकर नायब तहसीलदार गोपालजी ने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से महिला को पुलिस की गाड़ी में बैठाकर कोतवाली ले जाने के लिए कहा लेकिन पुलिस कर्मी अनसुना कर दिए। पैमाइश के बाद राजस्व टीम व पुलिस लौट गई। इस मामले में विमलेश मिश्र ने कोतवाली पुलिस को तहरीर कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत सीओ दीपक शुक्ला ने बताया की पैमाइश के दौरान रास्ते पर अतिक्रमण करने वाली महिला व शिकायतकर्ता के बीच विवाद हुआ। इसमें तहरीर मिली है। कार्रवाई की जाएगी। किसी सिपाही का कोई मोबाइल नहीं टूटा है।
कोट
नगर पंचायत की सड़क पर एक महिला द्वारा अतिक्रमण किया गया था। इसे खाली कराने के लिए एक व्यक्ति ने एसडीएम को पत्रक दिया था। इसके क्रम में शनिवार को राजस्व टीम कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंची थी। पैमाइश के दौरान एक महिला वीडियो बना रहे एक पुलिसकर्मी से उलझ गई और बदसलूकी करते हुए उसका मोबाइल तोड़ दिया।
-गोपालजी, नायब तहसीलदार सलेमपुर