ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर किशोर की मौत
गौरी बुजुर्ग गांव का रहने वाला था सिरफान
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। स्थानीय थानाक्षेत्र के गौरी बुजुर्ग गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर एक किशोर की मौत हो गई। मामला मंगलवार की रात का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरी बुजुर्ग गांव निवासी सिरफान मंसूरी (15) पुत्र मुस्ताक मंसूरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मजदूर का काम करता था। पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। परिवार के लोग घर पर रहते हैं। मंगलवार की रात आठ बजे सिरफान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी लादकर अपने गांव के मुर्गी टोले पर गिराने जा रहा था। वह ट्रैक्टर चालक के बगल में बैठा था। इसी बीच तेज रफ्तार जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली के अनियंत्रित होने से वह अचानक नीचे गिर गया और ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया उस पर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल सिरफान को परिवारवाले अभी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की इस अप्रत्याशित मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत गौरीबाजार इंस्पेक्टर विजय सिंह गौर ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली से दबकर किशोर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।