पड़री बाजार। खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुजुरी खुर्द गांव में रविवार की रात हमलावरों ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शव को गांव के बाहर फेंक दिया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के पेट, सिर और हाथ पर गंभीर घाव के निशान हैं। पिता हरिप्रसाद गोंड ने बताया कि 22 वर्षीय बेटा आदित्य उर्फ सूरज रात में फोन आने के बाद घर से निकला था। उधर, संदेह के आधार पर पुलिस गांव के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि एक युवक को रिश्तेदारी से उठाया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है।
सोमवार की सुबह युवक की हत्या की सूचना मिलने के बाद एसपी विक्रांत वीर समेत आना अधिकारियों ने वारदात स्थल का निरीक्षण परिवार वालों से पूछताछ कर हत्या की वजह जानने की कोशिश की। डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम भी वारदात स्थल से लेकर कुछ दूरी तक जांच की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजुरी खुर्द गांव निवासी हरिप्रसाद गोंड ने बताया कि बेटा आदित्य उर्फ सूरज रविवार की रात करीब 10:30 बजे भोजन करने के बाद घर से अकेले निकला था। कुछ देर बाद जब वह नहीं लौटा खोजबीन की गई, मगर पता नहीं चल सका। बेटे का मोबाइल फोन भी बंद था। सोमवार की सुबह सूचना मिली कि गांव के बाहर खेत में एक शव पड़ा हुआ है। जब मौके पर जाकर देखा तो शव आदित्य उर्फ सूरज का था। इसके बाद परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे।
इसी बीच किसी ने सूचना खुखुंदू थाने पर दे दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी थानेदार लवकुश यादव ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विक्रांत वीर, एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ दीपक शुक्ला, एसओजी प्रभारी दीपक कुमार मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया कि जल्द ही हत्या की वारदात से पर्दा उठा दिया जाएगा।
....
कोट
मुजुरी खुर्द गांव के बाहर खेत में युवक का शव मिला है। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिवार के लोगों को तहरीर देने को कहा गया है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
-विक्रांत वीर, एसपी देवरिया