सलेमपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बरहज जाने वाली ट्रेन की एक बोगी में अचेत अवस्था में पड़े एक युवक की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल ट्रेन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक भटनी-बरहज रेलमार्ग पर चलने वाली बरहज जाने वाली ट्रेन में उक्त अज्ञात युवक भटनी रेलवे स्टेशन से सवार हुआ था। सलेमपुर पहुंचने से पहले ही वह अचानक गिरकर बेहोश हो गया। स्टेशन पर उतरने वाले एक यात्री ने युवक की हालत देखकर इसकी जानकारी जीआरपी को दी। पुलिस ने युवक के पास से कपड़ों से भरा एक थैला बरामद किया है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।