खुखुंदू। बहादुरपुर गांव के पास बहन को बाइक से लेकर घर जा रहे युवक की मनबढ़ों ने घेरकर पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया तो हमलावर उग्र हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि लड़की लेकर आने-जाने की बात से नाराज हमलावरों ने मारपीट की है। दोनों का चालान किया गया है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया शहर निवासी एक युवक बाइक से रविवार की देर शाम बहन को लेकर मईल क्षेत्र से लौट रहा था। देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर बहादुरपुर गांव के पास मईल क्षेत्र के चकरा गोसाई के दो युवक पीछा करते हुए आए और लड़की को साथ लेकर जाने की बात पर युवक से मारपीट करने लगे।
फोरलेन पर सरेराह युवक की पिटाई से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच बीच-बचाव किया और हमलावरों को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए मईल क्षेत्र के चकरा गोसाई निवासी प्रवीण चौहान और टुनटुन चौहान को शांतिभंग में चालान किया गया है।