सलेमपुर। मुंबई से नौकरी कर घर लौट रहे एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा सोमवार की सुबह भटनी-वाराणसी रेल खंड पर रामपुर बछौर गांव के पास हुआ।
युवक जेब में रखे आधार कार्ड के जरिये युवक की शिनाख्त हुई। परिवार के लोगों के आने के बाद शव को कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले आलोक तिवारी मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करता था।
रविवार की रात वह मुंबई से वाराणसी आने वाली एक ट्रेन से वाराणसी पहुंचा। वहां से कानपुर से गोरखपुर जाने वाली चौरी-चौरा एक्सप्रेस में सवार होकर भटनी स्टेशन आ रहा था।
परिजनों के मुताबिक, मऊ स्टेशन पहुंचने के दौरान आलोक से मोबाइल पर बात हुई थी। लार रोड रेलवे स्टेशन पार कर रामपुर बछउर के बीच वह चलती ट्रेन से गिर गया।
युवक के ट्रेन गिरने की जानकारी एक यात्री ने सलेमपुर रेवले स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद मौके पर जीआरपी और कोतवाली पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने आनन-फानन उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी कोतवाल दीपक पटेल ने बताया कि ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हुई है। उसके परिवार के लोग भी आ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों का साैंप दिया जाएगा। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे आलोक के परिजनों का रो-राेकर बुरा हाल है।