भाटपाररानी। नगर पंचायत के सोहन पार वार्ड में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह गड्ढे में फंसी अपनी भैंस को बाहर निकालने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 10 निवासी विशाल प्रसाद (25) पुत्र जीउत प्रसाद की भैंस बुधवार को खूंटे से खुलकर भाग गई थी।
उसे पकड़ने के दौरान भैंस पास के गहरे गड्ढे में चली गई। विशाल भी उसे निकालने के लिए पानी में उतरा, लेकिन पैर फिसलने से डूब गया।
परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की माैत की खबर सुनते ही परिजन सन्न रह गए और चीख-पुकार मच गई। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि विधिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।