भागलपुर( देवरिया)। पत्नी की ससुराल से विदाई न होने पर युवक ने बृहस्पतिवार को भागलपुर पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। मछुआरों ने उसकी जान बचाकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर युवक को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के तिरनही खीजीरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय दीपक कुमार की शादी खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। बृहस्पतिवार को पत्नी की विदाई कराने युवक ससुराल आया। ससुराल के लोगों के विदाई करने से इन्कार कर दिया। युवक आहत होकर शाम को भागलपुर पुल पर पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। मछली पकड़ रहे मछुआरों ने युवक को छलांग लगाते देख लिया और नाव से उसे बचा लिया। इसके बाद भागलपुर पुलिस चौकी पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर युवक को साथ ले गए और परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद परिजन भी पहुंच गए और युवक को साथ ले गए। थाना प्रभारी कंचन राय ने बताया कि एक युवक ने नदी में छलांग लगाई थी। संवाद