बरहज। कपरवार के नौकाटोला निवासी 32 वर्षीय अमरजीत यादव एक पखवारा पूर्व बड़हलगंज के नेतवार पट्टी गांव के निकट रामजानकी मार्ग पर सड़क हादसे में घायल हो गए थे। आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
कपरवार के नौकाटोला निवासी अमरजीत यादव बीते 25 अप्रैल को किसी काम से बाइक से बड़हलगंज गये हुए थे। लोगों के अनुसार वह वापस घर आ रहे थे। नेतवार पट्टी गांव के निकट पहुंचे थे, इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही तेज और अनियंत्रित बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अमरजीत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि अमरजीत के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अमरजीत के मौत की जानकारी होने पर पत्नी किसा देवी पछाड़ खाकर गिर पड़ीं। उनका रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि दो वर्षीया पुत्री सानवी और 13 दिन का पुत्र पिता के मौत से अनभिज्ञ थे। एसओ विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है।