पत्नी को बुलाने के लिए चढ़ा पानी टंकी पर
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों ने उतारा
पुलिस के समझाने का भी नहीं पड़ रहा था असर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना परिसर के पास बनी पानी की टंकी पर पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़े युवक ने शोले फिल्म के वीरू की याद दिला दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी मानने को तैयार नहीं था। वह कूदने की धमकी दे रहा था। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया।
जौनपुर जिले के जलालपुर थानाक्षेत्र के चवरी गांव के रहने वाले आनंद की पत्नी माधुरी थानाक्षेत्र के जलुआ गांव में बने जच्चा-बच्चा केंद्र पर लगभग तीन वर्ष से संविदा पर एएनएम के पद पर कार्यरत है। वह अपने बच्चों के साथ यहीं रहकर नौकरी करती है।
माधुरी का पति से अक्सर विवाद होता रहता है। इस कारण वह पति से अलग रहती है। पति आनंद रविवार की दोपहर में तरकुलवा थाना परिसर के समीप बनी पानी की टंकी पर चढ़कर पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा। यह देखकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन युवक पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। काफी मशक्कत के बाद कस्बे के दो युवक उसे पानी की बोतल देने के बहाने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। युवकों ने उसे जबरदस्ती पकड़कर टंकी से नीचे उतारा। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पत्नी से संपर्क किया गया तो उसने लखनऊ में पीईटी देने जाने की बात बताई। थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी पत्नी को कल थाने बुलाया गया है।