देवरिया। श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए देवरिया-गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे नया श्रमिक अड्डा बनेगा। रविवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी ने इसके लिए स्थल का चयन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हनुमान मंदिर के पास वर्तमान में संचालित श्रमिक अड्डे को नए स्थल पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि नए श्रमिक अड्डे पर श्रमिकों की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक अड्डे पर आने वाले श्रमिकों का व्यवस्थित ढंग से पंजीकरण कराया जाए। उन्हें श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए। पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उनके हितों का ध्यान रखा जाए। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवरिया, डीएसटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।