फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: पांच डिसमिल जमीन के लिए चली गई महिला की जान

Thu, 02 Jul 2026 03:00 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
सीमा देवी की फाइल फोटो
विज्ञापन
- पथरदेवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-12 फरेंदहा का मामला, मारपीट में एक महिला की हो गई थी मौत
विज्ञापन

- सगे भाइयों के बीच बृहस्पतिवार की रात भैंस बांधने को लेकर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा के वार्ड-12 फरेंदहा में पांच डिसमिल जमीन के विवाद ने बृहस्पतिवार देर शाम को हिंसक रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहे रास्ते के विवाद में हुई मारपीट में एक महिला की जान चली गई, जबकि मृतका के ससुर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में इलाज चल रहा है। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पथरदेवा नगर पंचायत के वार्ड-12 फरेंदहा निवासी नरसिंह यादव का अपने भाई बाबूलाल यादव के परिवार से करीब पांच डिसमिल जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों परिवारों में पहले भी कई बार विवाद और नोकझोंक हो चुकी थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया था। इस बीच बाबूलाल यादव को आवास के लिए सरकारी धन मिला है, जिसे बनवाने के लिए उन्होंने मिट्टी गिरवाया है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की देर शाम वे कुदाल से मिट्टी बराबर कर रहे थे। मिट्टी फैल जाने से रास्ते से आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। इस बात और भैंस बांधने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। घटना के वक्त नरसिंह यादव घर से बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी सुगंती देवी और बहू सीमा देवी घर में काम कर रही थीं। बेटा मुंबई में नौकरी करता है, जिससे घर पर कोई अन्य पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के दौरान ही नरसिंह यादव भी अपने घर पहुंच गए। इधर, उग्र होकर बाबूलाल के परिवार के कुछ सदस्य लाठी-डंडों और धारदार हथियार से लैस होकर नरसिंह यादव के दरवाजे पर पहुंच गए। उन्होंने नरसिंह यादव के ऊपर हमला बोल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। शोर सुनकर उनकी बड़ी बहू सीमा घर से बाहर निकलीं और बीच-बचाव करने लगीं। इसी दौरान एक हमलावर ने फावड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनको तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए इस वारदात से गांव में खामोशी छा गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गए। नरसिंह यादव का अभी भी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है।
-
पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
तरकुलवा। जमीन के विवाद में हुई महिला की हत्या के मामले में मृतका की सास के तहरीर पर आरोपी दंपती समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कर पुलिस गिरफ्तारी में जुट गई है। इस मामले में मृतका सीमा की सास सुगंती देवी की तहरीर पर पुलिस ने फरेंदहा निवासी बाबूलाल यादव, हीरमती देवी, अनिता, गूंजा व रानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
विज्ञापन

-
पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर मची चीख-पुकार

संवाद न्यूज एजेंसी

तरकुलवा। जमीन विवाद में सीमा की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मृतका का शव उसके घर पहुंचा तो चीख पुकार मच गई। इससे पहले दोपहर में राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर विवाद की जानकारी ली। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो अपनी मां के शव को देखकर बार-बार बेसुध हो जा रहे थे। बच्चों की हालत देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई थी। मृतका का पति गौतम मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। इस घटना की सूचना मिलते ही वह तुरंत वहां से घर के लिए रवाना हो गया। इस दर्दनाक वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। उधर, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम शुक्रवार को गांव पहुंची। टीम ने विवादित भूमि का निरीक्षण किया और मौके पर जल निकासी की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।


-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें