संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत
रामपुर कारखाना के शिव मंदिर वार्ड का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। नगर पंचायत के शिव मंदिर वार्ड में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मां ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने की तहरीर दी है।
कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के शेखवनिया गांव निवासी शहाबुद्दीन अंसारी ने अपनी बेटी आलिया खातून 21 वर्ष की शादी रामपुर कारखाना के शिव मंदिर वार्ड निवासी शकील अंसारी से की थी। दोनों का निकाह इसी वर्ष फरवरी महीने में हुआ। सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आलिया की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर हलका दरोगा जयराम यादव पहुंचे। उन्होंने देखा कि शव तख्त पर पड़ा था और पति घर पर ही मौजूद था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया और पति को हिरासत में ले लिया। मंगलवार की सुबह महिला की मां नासिरा खातून थाने पहुंची और उन्होंने ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की मां ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।