गिरी दिवाल, मृत संगम निषाद की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नगर से सटे भभौली गांव के गोपालपुर टोला पर निर्माणधीन वाटर पार्क की दीवार गिरने से दबकर एक छात्र की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ वाटर पार्क में नहाने गया आठवीं का एक छात्र घायल हो गया। घटना सोमवार की सुबह आठ बजे की है। मृतक मामा के घर रहकर पढ़ता था। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया। वाटर पार्क संचालक से मामले में पुलिस ने पूछताछ की।
कुशीनगर जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडरा लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला संगम निषाद उम्र करीब 11 वर्ष अपनी माता मीना के साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय सरया में कक्षा तीन का छात्र था। गांव में एक वाटर पार्क का निर्माण हो रहा है, जिसको देखने लिए सोमवार की सुबह गांव के बच्चे गए थे, जिसमे संगम भभौली गांव के ही श्याम उर्फ मोछू उम्र 16 साल के साथ वाटर पार्क देखने गया था।
वाटर पार्क में जमा पानी की वजह से अचानक दीवार भरभरा कर गिर गया। दोनों वाटर पार्क में नवनिर्मित दीवार के बगल में खड़े थे कि अचानक दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। संगम दीवार के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। श्याम उर्फ मोछू को गंभीर चोट आई है। ग्रामीणों के सहयोग से मलबे से संगम का शव बाहर निकाला गया।
श्याम को चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया घटना से गांव में कोहराम मच गया। बेटे का शव देख मां मीना दहाडे़ मार कर रोने लगी। दो बेटों में संगम बड़ा था। । बेटे के शव पर पूरा परिवार दहाड़े मारकर रो रहा था। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भदौरिया ने कहा कि मृतक छात्र का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसकी मां की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।