गोली लगने से मुख्य गवाह और पीड़िता की मां घायल हो गई
एकौना थाना क्षेत्र के पचलड़ी पलिया बांध पर रविवार की दोपहर सरेराह एक महिला को बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि महिला अपनी बेटी के यौन शोषण मामले में गवाह है, जिसे 3 जून को कोर्ट में गवाही देना था।
बताया जाता है कि आरोपी युवकों ने गोली मारने से पहले महिला को गवाही देने से मना किया। महिला के विरोध करने पर उसके सीने में दाहिने तरफ गोली मार दी। एक साल पहले एकौना थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से यौन शोषण के मामले में एक युवक पर केस दर्ज हुआ।
मामले में आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई। बेटी से यौन शोषण के केस मां और पिता गवाह हैं। रविवार की दोपहर यौन शोषण पीड़िता की 50 वर्षीय मां, पचलडी डीह चौराहे से दवा कराकर पैदल घर जा रही थी। पचलडी पलिया मार्ग पर रामपुरवा और सुल्तानी के बीच में मोटर साइकल सवार युवकों ने महिला को रोक लिया।
आरोप है कि पहले 3जून को गवाही न देने का दबाव बनाया, जिस पर महिला द्वारा गवाही देने की बात करने पर युवकों ने महिला के सीने में गोली मार दी। महिला के दाहिने तरफ सीने में गोली लग गई।
महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर भेजा गया। आरोपी गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के गढ़ही गांव निवासी बताए जा रहे हैं। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि मौके पुलिस पहुची है, अभी छानबीन की जा रही है।