- दो अगस्त को मधेपुरा से असम के लिए हुआ था रवाना, टोल टैक्स के माध्यम से मिली जानकारी
- छपरा के बाद गोपालगंज टोल पर नहीं मिली लोकेशन, तो ट्रक मालिक जा रहा था गोरखपुर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/ खुखुदूं। बिहार के मधेपुरा से असम के ताजपुर रोलर फ्लोर मिल के लिए चला गेहूं लदा ट्रक असम नहीं पहुंचा। इसकी जानकारी होते ही ट्रक मालिक के होश उड़ गए। इसके बाद ट्रक मालिक ने खोजबीन की तो ट्रक असम की तरफ न जाकर छपरा की तरफ जाता मिला। इसका खुलासा टोल के माध्यम से हुआ। ट्रक छपरा टोल तक पहुंचा था।
इसके बाद इसकी लोकेशन नहीं मिली तो ट्रक मालिक गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। इस बीच उसका ट्रक खुखुदूं थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला। चालक गायब था। उस पर लदा गेहूं सुरक्षित था। इसके बाद ट्रक मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ट्रक कब्जे में लेकर जांच में जुट गई।
बता दें कि बिहार के मधेपुरा के गम्हरिया थाने के दाहा बभनी गांव निवासी श्रवण कुमार की ओम ट्रेडर्स नामक फर्म है। गेहूं की खरीदारी कर एक ट्रक पर 40 टन 790 किग्रा लोड करके असम के तेजपुर इंद्रप्रस्थ रोलर फ्लाेर के लिए भेजा, लेकिन ट्रक उपरोक्त पते पर समय से नहीं पहुंचा। ट्रक मालिक ट्रक का पता लगाने निकला तो टोल प्लाजा के माध्यम से ट्रक के छपरा तक आने की सूचना मिली। इसके बाद छपरा से वह गोपालगंज के लिए निकले, लेकिन गोपालगंज टोल प्लाजा से ट्रक नहीं गुजरा था। इसके बाद गोरखपुर जाने की शंका होने पर गोरखपुर के लिए निकले। ट्रक मालिक रास्ते में देखते हुए जा रहे थे। इसी दौरान खुखुदूं थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा दिखा।
इसके बाद ट्रक मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी। ट्रक चालक फरार था। पुलिस ट्रक मालिक की तरफ से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।