पशुओं से भरा ट्रक पकड़ा, 24 मवेशी बरामद
लार रोड/मेहरौना (देवरिया)। मईल पुलिस ने शनिवार की भोर में मवेशियों से भरे ट्रक को पकड़ लिया। तस्कर 24 मवेशियों को बिहार के रास्ते बंगाल ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने खलासी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चालक फरार हो गया।
मईल एसओ शैलेंद्र कुमार शनिवार की भोर में हमराही नारांतक यादव, रामाशीष कुमार, सूरज यादव व वकील यादव के साथ गस्त पर थे। ट्रक से पशुओं को बिहार फिर पश्चिम बंगाल ले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने कुंडौली के पास ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो चालक ट्रक लेकर लार की ओर भागने लगा। एसओ की सूचना पर मेहरौना बार्डर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की तो चौकी इंचार्ज अमरनाथ सोनकर ने मेहरौना पेट्रोल पंप के पास गाड़ी लगा कर ट्रक को रोक दिया। ट्रक खड़ी कर चालक भाग निकला।
पुलिस ने खलासी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में 24 पशु लदे थे। मईल पुलिस मेहरौना से ट्रक को लेकर थाने आई। खलासी की पहचान राजू निवासी जीयनपुर के रूप में हुई। इस बाबत एसओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक समेत 24 पशुओं को बरामद किया गया है। एक की गिरफ्तारी हुई है।
ट्रक चालक की फरारी से संदेह के घेरे में पुलिस
बिहार बॉर्डर के मेहरौना चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरा लगा होने के बाद भी शराब व पशुओं की तस्करी पर अंकुश नहीं लग रहा है। पशुओं से लदे ट्रक को छोड़कर चालक के भाग जाने को लेकर पुलिस संदेह के घेरे में है। सीओ का कहना है कि चालक के फरार होने की जांच कराई जा रही है।
मईल थाने के कुंडौली तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान शनिवार की सुबह मवेशियों से भरे ट्रक को लेकर भाग रहे चालक को पकड़ने के लिए मईल एसओ ने लार पुलिस को सूचना दी।
मेहरौना चेकपोस्ट पर बैरियर को गिरा मेहरौना पेट्रोलपंप के समीप ट्रक को खड़ा करा दिया गया। मईल पुलिस को पीछे आते देख ट्रक चालक बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगा लेकिन, रोड पर आगे ट्रक खड़ा देख मवेशियों से भरा ट्रक छोड़कर पुलिस के सामने से ही चालक फरार हो गया। लार एसओ टीजे सिंह ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक भाग गया। मवेशियों से भरे ट्रक को मईल पुलिस ले गई। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मईल पुलिस पशु से भरा ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन वहां से फरार हो गया, जबकि लार में घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया गया है। चालक के फरार होने की जांच कराई जा रही है।